श्री गुरू ग्रंथ साहिब दर्पण । टीकाकार: प्रोफैसर साहिब सिंह । अनुवादक भुपिन्दर सिंह भाईख़ेल

Page 857

आसनु पवन दूरि करि बवरे ॥ छोडि कपटु नित हरि भजु बवरे ॥१॥ रहाउ॥

पद्अर्थ: आसनु = जोगाभ्यास के आसन। पवन = प्राणायाम। बवरे = हे कमले योगी! कपटु = ठगी, पाखण्ड।1। रहाउ।

अर्थ: हे बावरे जोगी! योगाभ्यास व प्राणायाम को छोड़ दे। इस पाखण्ड को छोड़, और सदा प्रभु की बँदगी कर।1। रहाउ।

नोट: योगाभ्यास, प्राणायाम को छोड़ के प्रभु के स्मरण करने के उपदेश से बात स्पष्ट होती है कि कबीर जी भक्ति के मार्ग में इन क्रियाओं की कोई आवश्यक्ता नहीं समझते।

जिह तू जाचहि सो त्रिभवन भोगी ॥ कहि कबीर केसौ जगि जोगी ॥२॥८॥

पद्अर्थ: जिह = जो कुछ, जिस (माया) को। जाचहि = की तू याचना करता है, तू जो चाहता है। त्रिभवण = तीनों भवनों के जीवों ने, सारे जगत के जीवों ने। केसौ = केशव, परमात्मा (का नाम ही मांगने योग्य है)। जोगी = हे जोगी!।2।

अर्थ: (जोग-अभ्यास व प्राणायाम के नाटक-चेटक दिखा के) जो माया तू माँगता फिरता है, उसको सारे जगत के जीव भोग रहे हैं। कबीर कहता है: हे जोगी! जगत में माँगने के लायक एक प्रभु का नाम ही है।2।8।

नोट: इस शब्द की ‘रहाउ’ की तुक में कबीर जी स्पष्ट शब्दों में योगाभ्यास व प्राणायाम को कपट कह रहे हैं, और किसी योगी को समझाते हैं के इस गलत रास्ते को छोड़ दे। ये माया के लिए ही किया जाने वाला एक डंभ है। योगाभ्यास-प्राणायाम बाबत कबीर जी के इन स्पष्ट व बेबाक विचारों को छोड़ के अन्य स्वार्थी लोगों की मन-घड़ंत कहानियों को मान के कबीर जी को जोग-अभ्यासी मिथ लेना एक भारी भूल है।

शब्द का भाव: प्रभु का नाम ही मानव जन्म का उद्देश्य है। नाम स्मरण के लिए जोगियों के आसनों व प्राणायाम की कोई आवश्यक्ता नहीं है।

बिलावलु ॥ इन्हि माइआ जगदीस गुसाई तुम्हरे चरन बिसारे ॥ किंचत प्रीति न उपजै जन कउ जन कहा करहि बेचारे ॥१॥ रहाउ॥

पद्अर्थ: इन्हि = इनि्ह, इसी ने। इन्हि माइआ = इसी माया ने। जगदीस = हे जगत के ईश! किंचत = (संस्कृत: किंचिंत) रक्ती भर भी, थोड़ी भी। जन कउ = लोगों को। बेचारे जन = बेचारे जीव।1। रहाउ।

अर्थ: हे जगत के मालिक! हे जगत के पति! (तेरी पैदा की हुई) इस माया ने (हम जीवों के दिलों में से) तेरे चरणों की याद भुला दी है। जीव भी बेचारे क्या करें? (इस माया के कारण) जीवों के अंदर (तेरे चरणों का) रक्ती भर भी प्यार पैदा नहीं होता है।1। रहाउ।

ध्रिगु तनु ध्रिगु धनु ध्रिगु इह माइआ ध्रिगु ध्रिगु मति बुधि फंनी ॥ इस माइआ कउ द्रिड़ु करि राखहु बांधे आप बचंनी ॥१॥

पद्अर्थ: ध्रिगु = धिक्कारयोग्य। तनु = शरीर। फंनी = लोगों को धोखा देने वाली। द्रिढ़ु करि राखहु = अच्छी तरह संभाल के रख। बांधे = (ये माया जीवों को) बाँधती है। आप बचंनी = (हे प्रभु!) तेरे हुक्म के अनुसार।1।

अर्थ: लाहनत है इस शरीर और धन-पदार्थों को; धिक्कारयोग्य है (मनुष्य की यह) बुद्धि, जो (जो धन-पदार्थों की खातिर) और लोगों को धोखा देती है। हे जगदीश! तेरे हकम के मुताबिक ही ये माया जीवों को अपने मोह में बाँध रही है। सो, तू खुद ही इसको अच्छी तरह अपने काबू में रख।1।

किआ खेती किआ लेवा देई परपंच झूठु गुमाना ॥ कहि कबीर ते अंति बिगूते आइआ कालु निदाना ॥२॥९॥

पद्अर्थ: लेवा देई = लेन देन, कार व्यवहार, व्यापार। परपंच गुमाना = इस पसारे का गुमान। झूठ = व्यर्थ। कहि = कहे, कहता है। अंति = अंत को आखिर। बिगूते = दुखी हुए, पछताए। निदाना = आखिर में (अवश्य ही)।2।

अर्थ: कबीर कहता है: क्या खेती क्या व्यापार? जगत के इस पसारे का गुमान झूठा है, क्योंकि आखिर में जब मौत आती है तब (इस पसारे के मोह-मान में फसे हुए) जीव आखिर में सिसकियां भरते हैं।2।9।

बिलावलु ॥ सरीर सरोवर भीतरे आछै कमल अनूप ॥ परम जोति पुरखोतमो जा कै रेख न रूप ॥१॥

पद्अर्थ: भीतरे = भीतर ही, अंदर ही। सरोवर = सुंदर सर। आछै = है। अनूप = जिस जैसे और नहीं, बड़ा सुंदर। पुरखोतमो = उत्तम पुरुष प्रभु। जा कै = जिसके अंदर। रेख = लकीर।1।

अर्थ: हे मन! जिस उत्तम पुरुष प्रभु की परम ज्योति की रूप-रेखा बताई नहीं जा सकती, वह प्रभु इस शरीर रूपी सुंदर सर (शरीर-सरोवर) के अंदर ही है, उसी की इनायत से हृदय-रूपी कमल फूल सुंदर खिला रहता है।1।

रे मन हरि भजु भ्रमु तजहु जगजीवन राम ॥१॥ रहाउ॥

पद्अर्थ: भ्रमु = भटकना, माया के पीछे दौड़ भाग। जग जीवन = जगत की जिंदगी, जगत का आसरा।1। रहाउ।

अर्थ: हे मेरे मन! (माया के पीछे) भटकना छोड़ दे, और उस परमात्मा का भजन कर, जो सारे जगत का आसरा है।1। रहाउ।

आवत कछू न दीसई नह दीसै जात ॥ जह उपजै बिनसै तही जैसे पुरिवन पात ॥२॥

पद्अर्थ: कछू न दीसई = कुछ नहीं दिखता। जात = जाता, मरता। जह = जहाँ। उपजै = (माया की खेल) पैदा होती है। तही = वहां ही। पुरिवन पात = (पुरिवन, चुपक्ती, जल कुमद्नी, Water Lilly) के पत्ते।2।

अर्थ: वह ईश्वरीय ज्योति ना कभी पैदा होती है, और ना कभी मरती दिखाई देती है। पर ये माया की खेल जल-कुमद्नी के पक्तों जैसी, उसी (प्रभु में से) पैदा होती है और उसी में लीन हो जाती है।2।

मिथिआ करि माइआ तजी सुख सहज बीचारि ॥ कहि कबीर सेवा करहु मन मंझि मुरारि ॥३॥१०॥

पद्अर्थ: मिथिआ = नाशवान। करि = कर के, जान के, समझ के। बीचारि = विचार के। मन मंझि = मन के अंदर ही।3।

अर्थ: सहज अवस्था के सुख की विचार करके (भाव, ये समझ के कि माया का मोह छोड़ने से, माया में डोलने से हट के, सुख बन जाएगा) कबीर ने इस माया को नाशवान जान के (इसका मोह) छोड़ दिया है और अब कहता है: हे मन! अपने अंदर ही (टिक के) परमात्मा का स्मरण कर।3।10।

शब्द का भाव: माया की भटकना छोड़ के अपने अंदर बसते प्रभु का स्मरण करो। यही है सुख का साधन।

बिलावलु ॥ जनम मरन का भ्रमु गइआ गोबिद लिव लागी ॥ जीवत सुंनि समानिआ गुर साखी जागी ॥१॥ रहाउ॥

पद्अर्थ: भ्रमु = भ्रम, भटकना, चक्कर। गइआ = चला गया, समाप्त हो गया। लिव = लगन, ध्यान। सुंनि = उस अवस्था में जहाँ माया के विचारों से शून्य है, शून्य अवस्था में। साखी = शिखा से। गुर साखी = सतिगुरु की शिक्षा से। जागी = (बुद्धि) जाग उठी है।1। रहाउ।

अर्थ: (मेरे अंदर) सतिगुरु जी की शिक्षा से ऐसी बुद्धि जाग उठी है कि मेरे जनम-मरण की भटकना समाप्त हो गई है, प्रभु चरणों में मेरी तवज्जो जुड़ गई है, और मैं जगत में विचरता हुआ ही उस हालत में टिका रहता हूँ जहाँ माया के विचार नहीं उठते।1। रहाउ।

कासी ते धुनि ऊपजै धुनि कासी जाई ॥ कासी फूटी पंडिता धुनि कहां समाई ॥१॥

पद्अर्थ: कासी = कांसे (का बर्तन)। धुनि = आवाज। जाई = लीन हो जाती है। कासी फूटी = कांसे का बर्तन टूटा। पंडिता = हे पण्डित! कहां = कहाँ? त्रिकुटी = (संस्कृत: त्रृ+कुटी। त्रृ = तीन। कुटी = टेढ़ी लकीरें) तीन टेढ़ी लकीरें जो मनुष्य के माथे पर पड़ जाती हैं।1।

नोट: कांसे के बर्तन को ठनकाएं तो इसमें से एक आवाज़ निकलती है, अगर ठनकाना छोड़ दें तो आवाज भी बंद हो जाती है। पर जब बर्तन टूट जाता है, तो ठनकाने से भी वह आवाज़ नहीं निकलती। शरीर का मोह (देह-अध्यास) मानो, कांसे का बर्तन है, जब तक देह-अध्यास मनुष्य के अंदर कायम रहता है, दुनिया के पदार्थ ज्ञान-इंद्रिय को ठनकाते रहते हैं, और, मन में तृष्णा की सुर छिड़ी ही रहती है। पर, जब शरीर का मोह समाप्त हो जाए, तो ना कोई पदार्थ इन्द्रियों को प्रेरित कर सकता है, ना ही कोई ठोकर बजती है (ठनकाहट होती है), और ना ही अंदर की तृष्णा का राग छिड़ता है। फिर, पता नहीं वह राग कहाँ जा समाता है।

नोट: जैसे संस्कृत शब्द ‘निकटी’ से पंजाबी शब्द ‘नेड़े’ (नजदीक) बन गया; जैसे शब्द ‘कटक’ से ‘कड़ा’ बना, वैसे ही संस्कृत शब्द ‘त्रिकुटी’ का पंजाबी शब्द है ‘तिउड़ी’। मनुष्य के माथे पर त्रिकुटी तब ही पड़ती है, जब इसके मन में झल्लाहट हो। सो, ‘त्रिकुटी विंनण’ का भाव है ‘त्रिकुटी को भेदना’ या ‘मन में से झल्लाहट मिटानी’। इसमें कोई शक नहीं कि शब्द ‘त्रिकुटी’ जोगियों के मण्डल में प्रयोग किया जाता है, पर ये जरूरी नहीं कि कबीर जी की वाणी में भी ये शब्द उसी भाव में हो। सिर्फ इस शब्द के प्रयोग से ये अंदाजा लगाना ग़लत है कि कबीर जी प्राणायाम करते थे। अगर हमने ऐसी ही कसवटी बरती, तो गुरु नानक देव जी, गुरु अमरदास जी और गुरु अरजन देव जी को हम अपने अंजानपने के कारण प्राणायाम के हामी कह बैठेंगे।

अर्थ: हे पंडित! जैसे कांसे के बर्तन को ठनकाने से उसमें से आवाज़ निकलती है, यदि (ठनकाना) छोड़ दें तो वह आवाज़ कांसे में ही समाप्त हो जाती है, वैसे ही शारीरिक मोह का हाल है। (जब से बुद्धि का प्रकाश हुआ है) मेरे शरीर से मोह समाप्त हो गया है (मेरा यह मायावी पदार्थों से ठनकाने वाला बर्तन टूट गया है), अब पता ही नहीं कि वह तृष्णा की आवाज कहाँ जा के गुम हो गई है।1।

त्रिकुटी संधि मै पेखिआ घट हू घट जागी ॥ ऐसी बुधि समाचरी घट माहि तिआगी ॥२॥

पद्अर्थ: संधि = सेंध के, फोड़ के, नाश करके। घट हू घट = हरेक घट में। समाचरी = पैदा हुई, उपजी है। तिआगी = माया से उपराम, मोह से रहित।2।

अर्थ: (सतिगुरु की शिक्षा से बुद्धि जागने पर) मैंने अंदरूनी खिझ (बौखलाहट) दूर कर ली है, अब मुझे हरेक घट में प्रभु की ज्योति जगती दिखाई दे रही है; मेरे अंदर ऐसी मति पैदा हो गई है कि मैं अंदर से विरक्त हो गया हूँ।2।

आपु आप ते जानिआ तेज तेजु समाना ॥ कहु कबीर अब जानिआ गोबिद मनु माना ॥३॥११॥

पद्अर्थ: आपु = अपने आप को, अपने आत्मिक जीवन को। आप ते = अंदर से ही। तेजु = प्रभु की ज्योति। माना = पतीज गया है।3।

अर्थ: अब अंदर से मुझे अपने आप की समझ पैदा हो गई है, मेरी ज्योति, रूहानी-ज्योति में जा मिली हे। हे कबीर! कह: अब मैंने गोबिंद के साथ जान-पहिचान बना ली है, मेरा मन गोबिंद के साथ रम गया है।3।11।

शब्द का भाव: जब तक शरीर के साथ मोह है, देह-अध्यास है, तब तक मन में बौखलाहट पैदा होने के कारण बनते ही रहते हैं, माथे पर त्रिकुटी पड़ती ही रहती हैं। पर गुरु की शरण पड़ के नाम जपने से ये त्रिकुटी खत्म हो जाती है।

बिलावलु ॥ चरन कमल जा कै रिदै बसहि सो जनु किउ डोलै देव ॥ मानौ सभ सुख नउ निधि ता कै सहजि सहजि जसु बोलै देव ॥ रहाउ॥

पद्अर्थ: किउ डोलै = नहीं डोलता, माया के हाथों में नहीं नाचता। देव = हे प्रभु! मानौ = ऐसा समझ लो। निधि = खजाना। ता कै = उसके पास हैं। सहजि = सहज अवस्था में। जसु = महिमा, गुण। रहाउ।

अर्थ: हे देव! जिस मनुष्य के हृदय में तेरे सुंदर चरण बसते हैं, वह माया के हाथों में नहीं नाचता, वह अडोल अवस्था में टिका रह के तेरी महिमा करता है। उसके अंदर, मानो, सारे सुख और जगत के नौ खजाने आ जाते हैं। रहाउ।

तब इह मति जउ सभ महि पेखै कुटिल गांठि जब खोलै देव ॥ बारं बार माइआ ते अटकै लै नरजा मनु तोलै देव ॥१॥

पद्अर्थ: पेखै = देखता है। कुटिल = टेढ़ी। अटकै = (मन को) रोकता है। नरजा = तराजू।1।

अर्थ: (नाम-जपने की इनायत से) जब मनुष्य अपने अंदर से कुटिलता (टेढ़-मेढ़) निकाल देता है, तो उसके अंदर ये मति उपजती है कि उसको हर जगह प्रभु ही दिखाई देता है। वह मनुष्य बार बार अपने मन को माया की ओर से रोकता है, और तराजू ले के तोलता रहता है (भाव, हमेशा आत्म चिंतन करके मन के अवगुणों को पड़तालता रहता है)।1।

जह उहु जाइ तही सुखु पावै माइआ तासु न झोलै देव ॥ कहि कबीर मेरा मनु मानिआ राम प्रीति कीओ लै देव ॥२॥१२॥

पद्अर्थ: जह = जहाँ। तासु = उसको। झोलै = डोलाती, भरमाती। लै = लीन। कीओ = कर दिया है।2।

अर्थ: जहाँ भी वह मनुष्य जाता है, वहीं सुख पाता है, उसे माया नहीं भरमाती। कबीर कहता है: मैंने भी अपने मन को प्रभु की प्रीति में लीन कर दिया है, अब ये मेरा मन प्रभु के साथ पतीज गया है।2।12।

शब्द का भाव: प्रभु के चरणों में चिक्त जोड़ने से मनुष्य का मन माया के हाथों पर नहीं नाचता। उसे माया की परवाह ही नहीं रहती।

बिलावलु बाणी भगत नामदेव जी की    ੴ सतिगुर प्रसादि ॥

सफल जनमु मो कउ गुर कीना ॥ दुख बिसारि सुख अंतरि लीना ॥१॥

पद्अर्थ: मो कउ = मुझे। सफल जनमु = वह मनुष्य जिसका जनम सफल हो गया है, वह मनुष्य जिसने मानव जीवन का उद्देश्य हासिल कर लिया है। सुख अंतरि = सुख में। बिसारि = भुला के।1।

अर्थ: मुझे मेरे सतिगुरु ने सफल जीवन वाला बना दिया है, मैं अब (जगत के सारे) दुख भुला के (आत्मिक) सुख में लीन हो गया हूँ।1।

TOP OF PAGE

Sri Guru Granth Darpan, by Professor Sahib Singh